*कलेक्टर ने लिया राजस्व शिविरों का जायजा,किसानों को सौंपा ऋण पुस्तिका,अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण*
बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण ने आज राजस्व पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविरों का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में किसानों को ऋण पुस्तिका सौंपा। राजस्व पखवाड़ा के तहत अब तक 2934 आवेदन मिले हैं जिनमें से 1673 आवेदन का निराकरण कर लिया गया है। ज्यादातर आवेदन आय, जाति, निवास, डिजीटल हस्ताक्षर, अभिलेख त्रुटि सुधार के मिले है। इन शिविरों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। कलेक्टर ने इसके अलावा अस्पतालों का भी औचक निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
_x000D_
कलेक्टर सबसे पहले बहतराई में आयोजित राजस्व शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर में आए आवेदनों की प्रकृति जानी। ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। यहां 10 आवेदन मिले थे, जिनमें से 03 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर लिया गया। कलेक्टर ने वेदराम, मुकेश साहू, गायत्री बाई यादव को ऋण पुस्तिका का वितरण किया। इसके बाद कलेक्टर सकरी तहसील के ग्राम पाड़ में आयोजित शिविर में पहुंचे। यहां कुल 14 आवेदन मिले जिनमें से 12 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर ने शिविर स्थल पर बैठक लेकर ग्रामीणों की अन्य जरूरतें एवं समस्याएं भी सुनी और इनके निराकरण के निर्देश मौजूद अधिकारियों को दिए।
_x000D_
कलेक्टर ने मेण्ड्रा में किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी। भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल तक 2934 आवेदन मिले हैं। इनमें बिलासपुर तहसील के 551, बेलतरा के 199, बिल्हा के 193, बोदरी के 417, मस्तूरी के 259, सीपत के 130, पचपेड़ी के 102, तखतपुर के 272, सकरी के 378, कोटा के 59, रतनपुर के 144 और बेलगहना के 230 आवेदन शामिल है।
_x000D_
अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण-
कलेक्टर ने मोपका उप स्वास्थ्य केन्द्र, लिंगियाडीह शहरी प्राथमिक केन्द्र और सकरी उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पतालों की व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर की। प्रसव कक्ष, महिला-पुरूष वार्ड सहित पूरे अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया। सकरी उप स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ब्यूरो रिपोर्ट


