*कलेक्टर-एसपी ने की मतदान तैयारियों की समीक्षा, स्ट्रांग रूम का लिया जायजा*
बिलासपुर/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने आज मस्तूरी ब्लॉक के सचिव और कोटवार की बैठक लेकर त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की दिशा-निर्देशों के अनुरूप तमाम तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मस्तूरी ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17 फरवरी को होने हैं। उन्होंने मतदान केन्द्रों की साफ सफाई, बिजली, पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। मतदाताओं के मार्गदर्शन के लिए संकेतक चिन्ह भी लिखने को कहा है। उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी जायजा लिया। सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, एसडीएम प्रवेश पैकरा, जनपद सीईओ भगत और तहसीलदार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
_x000D_
कलेक्टर-एसपी ने सबसे पहले मस्तूरी में सचिवों और कोटवारों की बैठक लेकर मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत पचपेड़ी में आईटीआई भवन में भी सचिवों और कोटवारों की इस सिलसिले में बैठक लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कलेक्टर ने कहा कि हमें स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इसके लिए मुस्तैद है। कोटवारों से कहा कि आपको लोगों के बीच संदेश देना है कि सब निर्भीक होकर मतदान करें। उन्होंने सभी को मतदान के प्रति जागरूक करने कहा। मतदानकर्मियों को लिए भी अच्छी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जाबो के तहत लोगों को मतदान करने का संदेश दे। घर-घर जाकर लोगों को मतदान करने चुनई न्यौता दे।
_x000D_ एसपी ने कोटवारों और सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण हैं। निचले स्तर पर आपकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि गुण्डे बदामाशों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। निर्वाचन के दौरान आचार संहिता का पालन करवाना भी हमारी महती जिम्मेदारी है। सामूहिक तरीके से हम सभी को अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करना है। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि मतदान केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधा हो, यह सुनिश्चित कर ले।
स्ट्रांग रूम का लिया जायजा
कलेक्टर-एसपी ने ग्रामीण मतदान के लिए डीएवी परसदा स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने कहा। नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मल्हार में जवाहर नवोदय विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। कलेक्टर ने यहां भी बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।

पचपेड़ी थाना का निरीक्षण
कलेक्टर-एसपी ने पचपेड़ी थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में सभी प्रकार के रिकॉर्ड का अवलोकन किया। फाईलों के संधारण और रख-रखाव की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
ब्यूरो रिपोर्ट


